कृषि भूमि पर संचालित श्रद्धा सबुरी ढाबा बंद कराने की मांग, भाजपा ने सौंपा पुनः ज्ञापन

Spread the love

 कार्रवाई नहीं होने पर सोमवार को धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

सोनभद्र। कृषि श्रेणी की भूमि पर संचालित श्रद्धा सबुरी ढाबा को बंद कराने की मांग को लेकर भाजपा सोनभद्र नगर मंडल ने एक बार फिर प्रशासन के समक्ष आवाज उठाई है। गुरुवार को नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम रॉबर्ट्सगंज से मुलाकात कर पुनः ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने ढाबे के साथ ही नगर क्षेत्र में बिना भूमि का व्यावसायिक उपयोग परिवर्तन कराए संचालित अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच कर कार्रवाई की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस संबंध में गत 3 अक्टूबर को जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। ज्ञापन के माध्यम से कृषि भूमि के व्यावसायिक उपयोग की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी सोमवार को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान जिला सह मीडिया प्रभारी अमन मौर्या, नगर उपाध्यक्ष धीरेंद्र पांडेय, राकेश सोनी, अजय श्रीवास्तव, नीरज विश्वकर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *