बीजपुर, सोनभद्र। शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, जनपद सोनभद्र के तत्वावधान में जिला मुख्यालय पर आयोजित सम्मान समारोह में जनपद के 22 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह में राज्यमंत्री संजीव गोंड, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मान प्रदान किया। इसी क्रम में बखरिहवां (अंजानी) स्थित शिवम संकल्प इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रवक्ता जीवविज्ञान एवं सीसीए कोऑर्डिनेटर दीपक कुमार यादव को भी उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद दीपक कुमार यादव ने इसका श्रेय विद्यालय के प्रबंधक राम प्रकाश पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक, अपने माता-पिता तथा विद्यालय के सहयोगी शिक्षक-शिक्षिकाओं को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। दीपक कुमार यादव को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान मिलने पर विद्यालय परिवार, क्षेत्र के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। क्षेत्र के लिए यह गौरव और सम्मान का विषय माना जा रहा है।
