जंगलों और पौधों का संरक्षण सर्वोपरि – डीएफओ 

Spread the love

डीएफओ ने नौगढ़ वन रेंज के गहिला नर्सरी का निरीक्षण कर पौधों की गुणवत्ता परखी 

नौगढ़।( ओमकार नाथ) प्रभागीय वनाधिकारी काशी वन्य जीव प्रभाग रामनगर बी शिवशंकर ने नौगढ़ व जयमोहनी वन रेंज के कौआघाट व बाघी पौधशालाओं   का निरीक्षण करके पौधों की गुणवत्ता, रखरखाव एवं विकास कार्यों का बारीकी से परीक्षण किया। डीएफओ ने बिहार राज्य की सरहद के समीप स्थित नौगढ वन रेंज के पश्चिमी गहिला 1224 आई डी प्लांटेशन 10 हेक्टेयर व वन रेंज में कराए जाने वाले अग्रिम मृदा कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। बताया कि जंगलों व पौधों की सुरक्षा किया जाना सर्वोपरि है।  निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधों की वृद्धि, सिंचाई व्यवस्था, खाद-पानी की उपलब्धता तथा पौधों के संरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा भी किया। नर्सरी में तैयार किए जा रहे पौधों की संख्या व गुणवत्ता के बारे में संबंधित कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त कर के पौधों के रखरखाव में अपनाई जा रही प्रक्रियाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश भी दिया।

डीएफओ ने बताया कि आगामी वृक्षारोपण कार्यक्रमों की सफलता काफी हद तक नर्सरी में तैयार किए जा रहे स्वस्थ एवं गुणवत्तापूर्ण पौधों पर निर्भर करती है।  जिसके लिए प्रत्येक पौधे की समुचित देखभाल सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। वहीं नर्सरी परिसर की साफ-सफाई, पौधों की नियमित सिंचाई, समय पर खाद एवं उर्वरक के उपयोग तथा कीट एवं रोग नियंत्रण के उपायों पर विशेष ध्यान देने के साथ ही पौधों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा, जिससे उनकी गुणवत्ता प्रभावित न हो। अधीनस्थों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता, उदासीनता अथवा लापरवाही को एक दम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

कहा कि शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करना होगा। जिसमें किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।  कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण पौधे तैयार करने तथा समय-समय पर उनकी निगरानी करने का निर्देश दिया।  कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे कार्यक्रमों को सफल बनाने में नर्सरियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।  जिसमें सभी कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव संजय कुमार श्रीवास्तव वन दरोगा गुरूदेव वनरक्षक बबुंदर जे पी यादव मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *