कोयला खनन की सुरक्षा एवं निर्बाध उत्पादन सुनिश्चित करने के उपायों पर हुई विस्तृत चर्चा
धनबाद।भारत सरकार के गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से सीएमडी बीसीसीएल,मनोज कुमार अग्रवाल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान अग्रवाल ने मंत्री के साथ बीसीसीएल की खनन गतिविधियों की सुरक्षा, कोकिंग कोयले के सुरक्षित एवं निर्बाध उत्पादन तथा इसके लिए आवश्यक सुरक्षा संबंधी उपायों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान मंत्री ने सीएमडी अग्रवाल को आश्वस्त किया कि अवैध खनन, कोयला चोरी तथा अन्य सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के प्रभावी समाधान के लिए भारत सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि कोकिंग कोयला देश के लिए महत्वपूर्ण खनिज है तथा इसके सुरक्षित एवं सतत उत्पादन के लिए अनुकूल एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना भारत सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
माननीय मंत्री ने इस बात पर भी बल दिया कि भारत की आयातित कोकिंग कोयले पर निर्भरता को कम करने में बीसीसीएल की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस्पात उद्योग के लिए आवश्यक कोकिंग कोयले का घरेलू उत्पादन बढ़ाकर बीसीसीएल ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने सुरक्षित एवं निर्बाध घरेलू कोकिंग कोयला उत्पादन को राष्ट्रीय सामरिक महत्व का विषय बताया।
बैठक के दौरान बीसीसीएल की खनन परिसंपत्तियों एवं परिचालन की सुरक्षा में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की भूमिका की भी समीक्षा की गई। दोनों पक्षों के बीच सीआईएसएफ की तैनाती को और सुदृढ़ बनाने तथा समग्र सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श हुआ, ताकि अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण, राष्ट्रीय परिसंपत्तियों की सुरक्षा तथा कोकिंग कोयले का सुरक्षित, दक्ष एवं निर्बाध उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। इस दौरान बीसीसीएल की खनन गतिविधियों की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा कोकिंग कोयले के सुरक्षित, सतत एवं निर्बाध उत्पादन के लिए आवश्यक उपायों पर सहमति व्यक्त की गई।
