दुद्धी, सोनभद्र। दुद्धी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत बीड़र का पंचायत भवन परिसर स्वच्छता अभियान की धज्जियां उड़ा रहा है। पंचायत सचिवालय और जन सेवा केंद्र के ठीक सामने एक तरफ कचरे का अंबार लगा हुआ है, तो दूसरी तरफ मलबे का ढेर जमा है। इस अव्यवस्था को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
ग्रामीण बृजकिशोर सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी परिसर में इस तरह गंदगी का जमा होना स्वच्छता अभियान को ताक पर रखने जैसा है। इससे न सिर्फ परिसर की सूरत बिगड़ रही है, बल्कि परिसर में आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी हो रही है और बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है। बृजकिशोर व अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से इस कूड़े और मलबे को तुरंत यहाँ से हटवाने की मांग की है।
इस संबंध में एडीओ पंचायत आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि परिसर में रखी बोरियां सामान्य कचरा नहीं हैं। यह गाँव भर से इकट्ठा की गई प्लास्टिक है, जिसे रीसाइक्लिंग के लिए सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस प्लास्टिक कचरे को यहाँ से रीसाइकिल के लिए आगे भिजवा दिया जाएगा।
स्वच्छता अभियान ताक पर! दुद्धी के बीड़र पंचायत सचिवालय परिसर में लगा गंदगी का अंबार
