सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली के वनिता समाज द्वारा संचालित बाल भवन का वार्षिक उत्सव दिनांक 20 अप्रैल 2025 की शाम स्थानीय मनोरंजन केंद्र ऑडिटोरियम में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का शुभारंभ एनटीपीसी सिंगरौली के परियोजना प्रमुख राजीव अकोटकर द्वारा दीप प्रज्वलन एवं एनटीपीसी गीत के साथ किया गया।

बाल भवन प्रभारी श्रीमती वंदना यादव ने अपने स्वागत संबोधन में बाल भवन की उपलब्धियों की जानकारी दी तथा अभिभावकों के सहयोग हेतु आभार प्रकट किया। उन्होंने बताया कि बाल भवन द्वारा हजारों बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा दी गई है और वर्तमान में 70 बच्चे यहाँ शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
इस वर्ष का वार्षिकोत्सव “उत्सव” शीर्षक पर आधारित था, जिसमें भारतीय कैलेंडर के प्रमुख पर्वों – होली, ईद, दीपावली, स्वतंत्रता दिवस आदि पर आधारित गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियाँ शामिल रहे। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
मुख्य अतिथि श्री राजीव अकोटकर ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की और सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान करने की घोषणा की।
वनिता समाज की अध्यक्षा श्रीमती पीयूषा अकोटकर ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ाते हैं। इस अवसर पर उन्होंने सभी अभिभावकों के सहयोग के लिए भी धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर वनिता समाज, शक्तिनगर की सभी सदस्याएँ, एनटीपीसी सिंगरौली के सभी विभाग के अपर महाप्रबंधक, वरिष्ठ महाप्रबंधक एवं अन्य अधिकारी गण आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
