राँची।सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय, राँची में आज एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अप्रैल, 2026 में मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 03 कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसके साथ ही, सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ससम्मान विदा किया गया। इस प्रकार, आज सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से सेवानिवृत्त हुए सभी कर्मियों को गरिमापूर्ण विदाई दी गई।
समारोह के दौरान सीसीएल मुख्यालय में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएँ एवं स्मृतियाँ साझा कीं। मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के नाम इस प्रकार हैं- श्री रामअवतार प्रसाद बरनवाल, फोरमैन(आई/सी), ई एंड एम मेंटेनेंस विभाग; एम.डी. मुस्तफा, फोरमैन(ई एंड एम), सिविल विभाग एवं श्री तबरक अंसारी, सहायक फोरमैन, ई एंड एम मेंटेनेंस विभाग।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाप्रबंधक(कल्याण) संजय ठाकुर, महाप्रबंधक(पी एंड आईआर) प्रतुल कुमार तथा महाप्रबंधक(एचआरडी) फ़ैयाज़ुल हक़ उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित सभी गणमान्यजन ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन की एक नई दिशा की ओर बढ़ने का अवसर है। आप सभी ने अपनी लगन, अनुभव और समर्पण से कंपनी को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। हमें पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में भी आप अपनी सक्रियता, सकारात्मक सोच और मार्गदर्शन से समाज को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, अधिकारीगण, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
