पूर्व माध्यमिक विद्यालय रिठिया में वन विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान
नौगढ़। भू-जल सप्ताह (16 से 22 जुलाई) के अंतर्गत मंगलवार को काशी वन्य जीव प्रभाग, रामनगर के प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर के निर्देश पर जयमोहनी रेंज की ओर से पूर्व माध्यमिक विद्यालय रिठिया में वृहद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ “जल सुरक्षित तो कल सुरक्षित” बैनर के अनावरण के साथ किया गया।वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने अपने संदेश में कहा कि नौगढ़ क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन केवल एक लोटा पानी बचाने का संकल्प लेने से जल संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है।
कहा कि पीने के पानी, कृषि और उद्योगों की बड़ी आवश्यकता भू-जल से पूरी होती है। लेकिन लगातार बढ़ते दोहन के कारण इसका स्तर तेजी से नीचे गिरता जा रहा है। वर्षा जल का समुचित संचयन नहीं किया गया तो भविष्य में गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। जिसके लिए जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाना समय की आवश्यकता है।
आयोजन में वन विभाग की टीम ने छात्र-छात्राओं को जल संरक्षण के व्यावहारिक उपाय के बारे में जानकारी देकर के ब्रश और हाथ धोते समय नल बंद रखने, घरों में वर्षा जल संचयन प्रणाली स्थापित करने, अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, खेतों में टपक व फव्वारा सिंचाई अपनाने तथा पानी के रिसाव को तत्काल ठीक कराने के लिए प्रेरित किया। वन दरोगा वीरेंद्र पांडेय ने भू-जल स्तर में गिरावट के कारणों और इसके दुष्प्रभावों की जानकारी देकर के बताया कि जल बचाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक लाल बहादुर मौर्य ने वन विभाग के अभियान की सराहना करके बच्चों से अपील किया कि वे जल संरक्षण का संदेश अपने घर और गांव तक पहुंचाएं। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
