बीआरडी पीजी कॉलेज में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता व संगोष्ठी का आयोजन

Spread the love

दुद्धी, सोनभद्र। बीआरडी पीजी कॉलेज दुद्धी में रेंजर / रोवर्स इकाई के तत्वाधान में ‘स्वतंत्रता दिवस 2025’ के उपलक्ष्य में ‘हर  घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज महाविद्यालय परिसर में ‘तिरंगे से जुड़ा जन आंदोलन और सामाजिक एकता का संदेश’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
    कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. राजेश भारती ने की। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. राजेश कन्नौजिया ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि ‘हर व्यक्ति अपने घर से ही देश के प्रति अपनी निष्ठा एवं देशभक्ति का परिचय दे सकता है।’ डॉ. राजेश कुमार यादव ने कहा कि ‘तिरंगा सिर्फ एक ध्वज नहीं, बल्कि यह देश की आजादी, बलिदान, त्याग और गौरव का प्रतीक है। इसका सम्मान करना हम सभी भारतीयों का कर्तव्य है।’
  वहीं, मिथिलेश कुमार गौतम ने कहा कि ‘तिरंगा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का प्रतीक है, जिसने जन आंदोलनों को एकजुट कर देशभक्ति की भावना को बल दिया। यह राष्ट्रध्वज आज भी सामाजिक एकता, समर्पण और सांस्कृतिक गर्व का संदेश देता है।’ अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. राजेश भारती ने कहा कि भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य युवाओं और छात्र-छात्राओं में देशभक्ति की भावना को जागृत करना है। तिरंगे का प्रत्येक रंग केसरिया, श्वेत और हरा भारतीय संस्कृति, शौर्य, शांति एवं समृद्धि का प्रतिनिधित्व करता है, वहीं नीला अशोक चक्र गति और समय का प्रतीक है। हमें चाहिए कि हम इन मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें। कार्यक्रम का संचालन मिथिलेश कुमार गौतम द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. विवेकानंद, डॉ. गीता, डॉ. प्रियंका जायसवाल, अजय श्यामा, बंशीधर त्रिपाठी, उमेश गुप्त, मुत्रुंजय यादव, मोहम्मद शाहबाज खान, नंद बिहारी, संतोष सिंह सहित रेंजर ग्रोवर्स सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *