नवरात्रि पर भक्तिमय हुआ बीजपुर, मंदिरों में गूंजे जयकारे, पूजा पंडालों में विराजीं मां जगदंबा

Spread the love

बीजपुर (सोनभद्र)। शारदीय नवरात्रि  के प्रथम दिन रविवार को बीजपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही क्षेत्र के प्रमुख देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। वहीं, विभिन्न स्थानों पर बनाए गए आकर्षक पूजा पंडालों में विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। माता रानी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा और चारों ओर उत्साह एवं उल्लास का माहौल देखने को मिला।

बीजपुर पुनर्वास स्थित प्राचीन दुधहिया देवी मंदिर, श्री बेड़िया हनुमान मंदिर, जरहां स्थित अजीरेश्वर धाम मंदिर तथा एनटीपीसी रिहंद परिसर स्थित रिहंदेश्वर मंदिर सहित क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में नवरात्र के प्रथम दिन विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने मां शैलपुत्री के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिरों में पूजा-पाठ, मंत्रोच्चार और आरती के बीच भक्तिमय वातावरण बना रहा।

नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अस्थायी पूजा पंडालों में मां जगदंबा की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। प्रतिमाओं की स्थापना के बाद श्रद्धालुओं में दर्शन-पूजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। शाम के समय मंदिरों और पूजा पंडालों में भक्तों की चहल-पहल बढ़ गई। मां के जयकारों और घंटे-घड़ियालों की गूंज से वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया।

शारदीय नवरात्र के पहले दिन से ही क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। नौ दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। घरों से लेकर मंदिरों और पूजा पंडालों तक मां दुर्गा की आराधना की तैयारियां दिखाई दे रही हैं। नवरात्र के आगमन से बीजपुर और आसपास के क्षेत्रों में भक्ति, आस्था और उल्लास का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *