बीसीसीएल अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत समाज हित एवं जनकल्याण के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहा है – मनोज कुमार अग्रवाल

Spread the love

सीएमडी बीसीसीएल ने देवघर में ‘कांवड़िया चिकित्सा सहायता शिविर’ का किया उद्घाटन

धनबाद। श्रावणी मेले के दौरान देवघर-सुल्तानगंज कांवरिया पथ पर श्रद्धालु कांवड़ियों को निःशुल्क चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बीसीसीएल द्वारा स्थापित ‘कांवड़िया चिकित्सा सहायता शिविर’ का आज सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने विधिवत उद्घाटन किया। बीसीसीएल की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत स्थापित इस शिविर का संचालन प्रदान फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा। पूरी मेला अवधि के दौरान शिविर के माध्यम से कांवड़ियों को प्राथमिक उपचार, आवश्यक चिकित्सीय परामर्श, दवाइयाँ तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। शिविर में दो एम्बुलेंस, ऑक्सीजन की व्यवस्था, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम तथा अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।

इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार सहित दीक्षा महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्बिता रमैया तथा श्रीमती नीता कुमार उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में प्रदान फाउंडेशन के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।

उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के औपचारिक स्वागत, गणेश पूजन तथा सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। स्थानीय कलाकारों द्वारा इसके उपरांत भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने शिव भक्ति गीतों की मनोहारी प्रस्तुति दी और पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। दीक्षा महिला मंडल द्वारा इस दौरान कलाकार मंडली को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु 11 हज़ार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।   

अपने संबोधन में सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि श्रावणी मेला आस्था, सेवा और समर्पण का एक  महापर्व है। बीसीसीएल अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत समाजहित एवं जनकल्याण के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहा है। इसी भावना के अनुरूप श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालु कांवड़ियों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने हेतु यह चिकित्सा सहायता शिविर स्थापित किया गया है, जो कांवड़ियों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने तथा उनकी यात्रा को सुगम बनाने में सहायक होगा। उन्होंने इस सेवा कार्य से जुड़े सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस दौरान सीएमडी ने चिकित्सा सहायता शिविर का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा सेवा कार्य में लगे चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शिविर में आए कांवड़ियों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर सीएमडी एवं निदेशकगण ने श्रद्धालु कांवड़ियों की सेवा-सुश्रूषा करते हुए उनके बीच फल वितरित किए। दीक्षा महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्बिता रमैया तथा श्रीमती नीता कुमार ने भी श्रद्धालुओं के बीच फल एवं पेयजल का वितरण किया।

इससे पूर्व सीएमडी सहित सभी गणमान्य अतिथियों ने श्री बैद्यनाथधाम मंदिर में बाबा बैद्यनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया। उन्होंने माता पार्वती मंदिर सहित अन्य प्रमुख देवस्थानों में दर्शन-पूजन कर सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की मंगलकामना की। सभी गणमान्य अतिथियों ने बासुकीनाथ धाम में भी पूजा-अर्चना कर बीसीसीएल परिवार के सभी सदस्यों, प्रदेशवासियों तथा समस्त श्रद्धालुओं के कल्याण की कामना की। श्रावणी मेले के दौरान बीसीसीएल द्वारा स्थापित यह चिकित्सा सहायता शिविर कंपनी की जनसेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता का एक सशक्त उदाहरण है। बीसीसीएल भविष्य में भी समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण एवं सामुदायिक विकास के लिए ऐसे जनहितकारी प्रयास निरंतर करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *