प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर बैटरी कार सुविधा की शुरुआत

Spread the love

प्रयागराज । यात्रियों की सुविधा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज मंडल द्वारा प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन पर बैटरी संचालित कार सेवा का शुभारंभ किया गया है। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाने तथा स्टेशन परिसर से बाहर निकलने में काफी सहूलियत मिलेगी। विशेष रूप से बुजुर्ग, दिव्यांग, बीमार एवं छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को इस सेवा से अत्यधिक लाभ प्राप्त होगा।

मण्डल रेल प्रबन्धक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग हरिमोहन के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप यह यात्री हितैषी सुविधा प्रारंभ की गई है। प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर बढ़ती यात्री संख्या एवं यात्रियों की आवश्यकताओं को देखते हुए इस सेवा की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

बैटरी कार सेवा का संचालन पर्यावरण अनुकूल एवं सुरक्षित तरीके से किया जाएगा। इस सेवा का ठेका “बालाजी भगवत प्रोजेक्ट लिमिटेड, सुल्तानपुर” को आगामी 5 वर्षों के लिए प्रदान किया गया है। यात्रियों के लिए निर्धारित किराया प्रति यात्री प्रति ट्रिप ₹50 रखा गया है, जबकि पूरी बैटरी कार की बुकिंग ₹150 में उपलब्ध होगी।

रेल प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है। यह पहल स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यात्रियों ने भी इस नई सुविधा का स्वागत करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया है।

प्रयागराज मंडल भविष्य में भी यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं बेहतर यात्रा अनुभव के लिए इसी प्रकार नवीन एवं जनहितकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *