चकिया, चन्दौली । उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा तहसील चकिया, चंदौली में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक प्रमुख चकिया, शंभुनाथ यादव की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खादी एवं ग्रामोद्योग के उत्पादों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करना तथा स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी प्रदान करना था। अपने अध्यक्षीय संबोधन में ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, स्वदेशी एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का माध्यम है। उन्होंने आमजन मानस को खादी उद्योग स्थापित करने के लिए स्थानीय उद्यमियों का सहयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों द्वारा अपनी अपनी विभाग की संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई तथा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की विभिन्न योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा वित्तीय सहायता संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों को खादी अपनाने एवं ग्रामोद्योग आधारित स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के मण्डल महामंत्री आशीष पाठक, ग्राम पंचायत नरहरपुर के प्रधान उपेन्द्र कुमार सिंह, ग्राम प्रधान जमुआ के डा० के०के० सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य नरहरपुर के संजय मौर्य, लालपुर के विनोद, भीषमपुर के रंगलाल मौर्य, पूर्व ब्लॉक प्रमुख पवन जायसवाल, अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिला उद्यान अधिकारी, अपर जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त उद्योग, जिला उद्योग केन्द्र, अग्रणी जिला प्रबन्धक के प्रतिनिधि एवं स्थानीय उद्यमियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों द्वारा सहभागिता की गयी।
खादी ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा जागरुकता शिविर का आयोजन
