निष्ठापूर्ण सेवाओं के लिए व्यक्त किया आभार, एनसीएल परिवार ने स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की दी शुभकामनाएं
सिंगरौली।कोल इंडिया की अग्रणी अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में जून माह के अंत में मुख्यालय के 5 कर्मियों सहित कुल 66 कर्मी अधिवर्षिता आयु पूर्ण करने पर सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर एनसीएल मुख्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में सेवानिवृत्त कर्मियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में शशि शेखर प्रसाद सिंह,मुख्य प्रबंधक (उत्खनन),हुकुम सिंह अहरवार,वरीय प्रबंधक (सचिवीय-राजभाषा), नागेंद्र प्रसाद, सहायक पर्यवेक्षक (परिवहन), सतर्कता विभाग,जी.मलेशू,पम्प ऑपरेटर,सिविल (टी.ए.)तथा कमला,सामान्य सहायक, केंद्रीय चिकित्सालय शामिल रहे।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मियों एवं उनके सहकर्मियों ने अपने अनुभव साझा किए। सेवानिवृत्त कर्मियों ने एनसीएल एवं कोल इंडिया परिवार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि एनसीएल में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। उन्होंने एनसीएल की निरंतर प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
निदेशक (कार्मिक) मनीष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्ति प्रत्येक कर्मचारी के सेवाकाल का स्वाभाविक पड़ाव है। उन्होंने कहा कि सभी सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने समर्पण, परिश्रम एवं कर्मनिष्ठा से कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मी एनसीएल के ब्रांड एम्बेसडर हैं और एनसीएल परिवार सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने सभी के स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की कामना करते हुए उन्हें अपने रुचि एवं जीवन के नए लक्ष्यों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन)आशुतोष द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि अनुभवी कर्मियों का सेवानिवृत्त होना एक भावुक क्षण है। उन्होंने कहा कि एनसीएल आज जिस मुकाम पर पहुंची है, उसमें सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सेवानिवृत्त हो रहे कर्मी एनसीएल के सच्चे प्रहरी बने रहेंगे।
एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं और इकाइयों में भी सेवानिवृत हो रहे कर्मियों के सम्मान में अभिनन्दन समारोह का आयोजन किया गया l
