सोनभद्र(राकेश जायसवाल)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद में मौजूद रहने के बावजूद बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में जारी लापरवाही ने शनिवार को बड़ा हादसा करा दिया। रासपहाड़ी स्थित कृष्णा माइनिंग वर्क्स की खदान में अचानक पत्थरों की विशाल पहाड़ी दरक गई, जिसमें कई मजदूर मलबे में दब गए।

जिले में खनन रोकने का आदेश लागू था, लेकिन बिल्ली मारकुंडी में धड़ल्ले से खनन कार्य चलता रहा। उसी दौरान यह हादसा हुआ, जिसने लापरवाही और अवैध कार्यों की पोल खोल दी। मलबे से एक मजदूर का शव निकाल लिया गया है, जबकि कई अन्य के दबे होने की आशंका ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। हादसा मुख्यमंत्री के सभा स्थल से महज पाँच किलोमीटर की दूरी पर हुआ, जिससे प्रशासनिक तैयारियों पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुँचीं, लेकिन हादसे की भयावहता के आगे सब कुछ बेबस नजर आया। खदान प्रबंधन की लापरवाही ने कई परिवारों को तबाही के मुहाने पर ला खड़ा किया है। राहत व बचाव कार्य तेजी से जारी है।
