आसनसोल/ शताक्षी महिला मंडल (SMM) द्वारा अल्पना एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में सभी शाखाओं एवं मुख्यालय (HQ) के सिलाई केंद्रों से लगभग 60 लड़कियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन शताक्षी महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती किरण झा के मार्गदर्शन तथा उपाध्यक्षा श्रीमती अनुभा सिन्हा, श्रीमती गीता नायर, श्रीमती श्वेता कुमारी के देख रेख में किया गया। इस अवसर पर मंडल की समिति के सदस्य एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सालानपुर की टीम, द्वितीय स्थान झांझरा की टीम तथा तृतीय स्थान सोनपुर बाजारी की टीम ने प्राप्त किया। वहीं, अल्पना प्रतियोगिता में प्रथम स्थान काजोड़ा की टीम, द्वितीय स्थान पांडवेश्वर की टीम तथा तृतीय स्थान मुख्यालय (HQ) की टीम को मिला। सभी विजेता टीमों के साथ-साथ प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।इस आयोजन का उद्देश्य लड़कियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा उनमें कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाना था। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं आनंदमय वातावरण में संपन्न हुआ।
