कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण के साथ-साथ विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

Spread the love

डीएम की अध्यक्षता में संपन्न हुआ स्वतंत्रता दिवस समारोह, सेनानियों के परिजनों का हुआ भव्य सम्मान

जिलाधिकारी ने अंग वस्त्र देकर सेनानियों के परिजनों का जाना कुशल-क्षेम

चन्दौली। स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर चंदौली कलेक्ट्रेट परिसर में जिला प्रशासन द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने ध्वजारोहण कर देश के शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सादर आमंत्रित कर उन्हें अंग वस्त्र, पुष्पमाला और मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया। डीएम ने सेनानियों के परिजनों से उनका कुशल-क्षेम जाना और प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि आज का यह शुभ दिन केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि यह उन अनगिनत वीर सपूतों, अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने अपनी मातृभूमि की रक्षा और उसकी आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिवारों का त्याग अमर है। आज हम जिस आजाद हवा में सांस ले रहे हैं, वह इन्हीं वीरों की बदौलत है। उनके परिजनों का सम्मान करना हमारे लिए गर्व की बात है। 

जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि एक नागरिक और प्रशासक के रूप में हमारा यह प्रयास होना चाहिए कि हम अपने दायित्वों का पालन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और लगन से करें। वीरों ने जिस समृद्ध, सुरक्षित और भेदभाव-मुक्त भारत का सपना देखा था, उसे पूरा करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमने वाले क्रांतिकारियों और भारत माता की सीमा पर दिन-रात मुस्तैद रहकर हमारे कल को सुरक्षित बनाने वाले वीर जवानों का यह राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा। कलेक्ट्रेट कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने नगर पंचायत चंदौली परिसर स्थित शहीद स्मारक स्थल पर माल्यार्पण एवं जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को पुष्प गुच्छ देकर कुशलक्षेम जाना। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायायिक रतन वर्मा एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *