कोन,सोनभद्र। स्थानीय बाजार में स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर में प्रसव के दौरान एक आशा बहू की मौत हो गई। शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रशासन ने अस्पताल को सील कर दिया है और संचालक सहित संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान सिंगा-बागेसोती निवासी लगभग 38 वर्षीय सीमा देवी पत्नी देवनारायण के रूप में हुई है, जो आशा बहू के तौर पर कार्यरत थीं। प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें देर रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था।परिजनों के अनुसार, सीमा देवी के पहले चार प्रसव सामान्य हुए थे, लेकिन इस बार अस्पताल पहुंचते ही ऑपरेशन की सलाह दी गई। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और समय पर उचित उपचार न मिलने के कारण उनकी मौत हो गई। हालांकि, नवजात सुरक्षित है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी अस्पताल छोड़कर चले गए थे।
इस घटना से नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसी अस्पताल में भर्ती एक अन्य प्रसूता, लौकवाखाड़ी बागेसोती निवासी 35 वर्षीय कुसुमरी देवी की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। उन्हें स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की मौजूदगी में सरकारी अस्पताल रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे।
उपजिलाधिकारी ने संबंधित लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में अपंजीकृत अस्पतालों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। उनकी मौजूदगी में अस्पताल को सील कर दिया गया। एसीएमओ गुलाब शंकर यादव ने बताया कि अस्पताल के खिलाफ पूर्व में भी कार्रवाई की जा चुकी है। फिलहाल, अस्पताल संचालक नसीम अंसारी और संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।ग्रामीणों ने अवैध अस्पतालों के संचालन और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
हत्या का केंद्र बन गये हैं अवैध अस्पताल – अविनाश कुशवाहा
सोनभद्र। हत्या का केंद्र बन गये हैं अवैध अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग मौतों का सौदागर हो गया है, उपरोक्त बातें पूर्व विधायक एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अविनाश कुशवाहा ने शनिवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते उन्होंने कहा कि जिले में प्राइवेट अस्पतालों में लगातार मौतें हो रही है।भाजपा के संरक्षण में हो रहा है मौत का काला कारोबार। जिले में अवैध रूप से चल रहे अस्पतालों में लगातार मौतों के बावजूद कार्रवाई न करके उनको संरक्षण दिया जा रहा है।
कहीं एनेस्थीसिया तो कहीं सर्जन नहीं और कहीं गायनोलॉजिस्ट के बिना ही महिलाओं का ऑपरेशन किया जा रहा है, जिस कारण अक्सर प्रसूताओं की जान चली जा रही है और उसके बच्चे अनाथ हो जा रहे हैं।सोनभद्र के गरीबों के जीवन के साथ खेल जा रहा है। बिना आवश्यक पंजीकरण और समुचित व्यवस्था के मुख्य चिकित्सा अधिकारी की मिली भगत से ये गोरख धंधा फल फूल रहा है और सत्ता पक्ष इन्हें संरक्षण दे रहा है। आखिर कब तक जिम्मेदार मौन साधे रहेंगे।समाजवादी पार्टी इस गोरखधंधे का पर्दाफाश कर इस मौत के सौदागरों पर कठोर कार्यवाही की मांग करती है।
