अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज ने किया विंध्याचल एवं मिर्जापुर स्टेशन का निरीक्षण

Spread the love

शारदीय नवरात्रि मेले के दृष्टिगत यात्री सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने आगामी शारदीय नवरात्रि मेला के दृष्टिगत आज विंध्याचल स्टेशन का निरीक्षण कर स्टेशन परिसर में उपलब्ध यात्री सुविधाओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।  11अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक चलने वाले विंध्याचल मेला के दृष्टिगत निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, यात्री आवागमन क्षेत्र सहित अन्य यात्री सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने मेला अवधि में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के विंध्याचल स्टेशन पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पेयजल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया। स्टेशन पर उपलब्ध पेयजल के नमूनों की अवशिष्ट क्लोरीन (Residual Chlorine) की जांच की गई, जो संतोषजनक पाई गई। साथ ही बैक्टीरियोलॉजिकल परीक्षण हेतु पेयजल के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत आवश्यकतानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

अपर मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को निरंतर बनाए रखने, पेयजल की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा मेला अवधि के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में आवश्यक संसाधनों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्रि मेला के दौरान विंध्याचल आने वाले श्रद्धालुओं को स्टेशन पर सुगम आवागमन, स्वच्छ वातावरण, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। इस दौरान स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, यात्री मार्गदर्शन एवं अन्य यात्री सुविधाओं की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा उन्हें मेला अवधि के दौरान सभी व्यवस्थाओं को समन्वय के साथ संचालित करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के अगले क्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य), दीपक कुमार ने मिर्जापुर स्टेशन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत किए जा रहे साफ-सफाई कार्यों का जायजा लिया। इस अवसर पर स्काउट एवं गाइड के बच्चों द्वारा स्वच्छता विषयक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ स्टेशन एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया। अपर मंडल रेल प्रबंधक ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता को निरंतर बढ़ावा देने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *