त्योहारों पर मनमाना किराया व ओवरलोडिंग की तो होगी कार्रवाई

Spread the love

हाईवे पर बसों की पार्किंग और अनधिकृत ठहराव पर विशेष निगरानी रखी जाएगी

सोनभद्र। दुर्गापूजा, दशहरा और दीपावली पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच मनमाना किराया वसूलने, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और सड़क पर बस खड़ी कर जाम लगाने वाले वाहन संचालकों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। त्योहारों में यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। विभागीय टीमें भ्रमणशील रहकर यात्री वाहनों के संचालन पर नजर रखेंगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कौशल कुमार सिंह की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में बैठक हुई। इसमें बस, टैक्सी, ऑटो और ई-रिक्शा ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को त्योहारों के दौरान सुरक्षित एवं सुचारु परिवहन व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि यात्रियों से निर्धारित दर के अनुसार ही किराया लिया जाए। त्योहारों में भीड़ का फायदा उठाकर अधिक किराया वसूलने की अनुमति नहीं होगी। किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर भी रोक रहेगी। चालकों और परिचालकों को यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने की हिदायत दी गई। निजी बस, टैक्सी और ई-रिक्शा संचालकों को अपने चालकों एवं परिचालकों का चरित्र सत्यापन कराने तथा उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, शहर के प्रमुख मार्गों और हाईवे पर जाम की समस्या रोकने के लिए बसों की पार्किंग और अनधिकृत ठहराव पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को निगम की बसें निर्धारित स्थानों पर ही खड़ी कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सड़क पर बसें खड़ी कर सवारी भरने से यातायात बाधित न हो।
यात्रीकर अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता को भ्रमणशील रहकर सड़क सुरक्षा से जुड़े निर्धारित बिंदुओं की निगरानी करने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग का जोर त्योहारों के दौरान किराये में मनमानी, ओवरलोडिंग और अव्यवस्थित पार्किंग पर अंकुश लगाने के साथ यात्रियों को सुरक्षित सफर उपलब्ध कराने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *