बिजली चोरी रोकने के लिए शनिवार को विशेष अभियान चलाया गया

Spread the love

रेणुकूटl पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के पिपरी डिवीजन के अंतर्गत बिजली चोरी रोकने के लिए शनिवार को विशेष अभियान चलाया गया। झारो फीडर के दुम्हान और कादल क्षेत्र में विद्युत वितरण खंड पिपरी में आए नवागत एक्सईएन इंजीनियर अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में 5 टीमों ने चेकिंग अभियान चलाया। 76 लोगों की जांच में 10 उपभोक्ता बिजली चोरी करते पकड़े गए। इन सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। साथ ही 16 घरों के बिजली कनेक्शन बकाया बिल के कारण काटे गए। इन घरों पर करीब 6 लाख रुपए का बिल बकाया था। चेकिंग के दौरान 60 हजार रुपए की बकाया राशि वसूल की गई। एक्सईएन अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दुद्धी उपखंड के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें चेकिंग में लगाई गई थीं। डिस्कॉम से नामित अधिकारियों ने भी रेड अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर बिजली बिल जमा करें और बिजली चोरी से बचें। विभाग ने लापरवाह मीटर रीडर्स को चेतावनी दी है। माह के अंत तक सुधार न होने पर उन्हें बर्खास्त किया जाएगा। खंड में हर सप्ताह एक फीडर की चेकिंग की जाएगी। 10 हजार रुपए से अधिक बकाया वालों के कनेक्शन काटे जाएंगे। ट्रांसफॉर्मर को नुकसान से बचाने के लिए फ्यूज सेट और टेललेस यूनिट लगाए जा रहे हैं। इससे पिछले साल की तुलना में ट्रांसफॉर्मर खराब होने की दर 50 प्रतिशत तक कम हुई है। विभाग गर्मी के मौसम में निरंतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *