बर्नपुर । सेल-इस्को स्टील प्लांट (आईएसपी) “सतर्कता: हमारी साझा ज़िम्मेदारी” विषय पर आधारित सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 का आयोजन 18 अगस्त से 17 नवम्बर 2025 तक कर रहा है। इस अभियान का उद्देश्य सत्यनिष्ठा और जवाबदेही की संस्कृति को मजबूत करना है।
अभियान के अंतर्गत, आईएसपी सतर्कता विभाग ने बर्नपुर बॉयज़ हाई स्कूल और बर्नपुर गर्ल्स हाई स्कूल के एथिक्स क्लब के सदस्यों के लिए एथिक्स पर एक सत्र आयोजित किया। सीजीएम (सतर्कता) एवं एसीवीओ जितेंद्र यादव सापकले ने विद्यार्थियों को नैतिकता के महत्व पर संबोधित किया। विद्यार्थियों ने गीत एवं लघु नाटिकाओं के माध्यम से नैतिक मूल्यों का संदेश दिया।
इसके अलावा, 22 सितम्बर 2025 को बर्नपुर हॉस्पिटल के अंतर्गत स्थित नर्सिंग ट्रेनिंग स्कूल में “भ्रष्टाचार से लड़ने में नागरिकों की भूमिका” विषय पर पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई। 26 विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया। सुश्री पूर्णा घोष विजेता रहीं, जबकि सुश्री रिक्ता सरकार और सुश्री प्रीति कर्मकार क्रमशः प्रथम एवं द्वितीय उपविजेता रहीं। कार्यक्रम में सीएमओ (एमएंडएचएस) डॉ सुशांत सिन्हा तथा जितेंद्र यादव सापकले ने व्यावसायिक जीवन में नैतिकता के महत्व पर बल दिया। इसके साथ ही, 23 सितम्बर 2025 को कॉन्फ्लुएंस ऑडिटोरियम, बर्नपुर में “भ्रष्टाचार : जड़ों से उपचार” विषय पर एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में ईडी (वर्क्स) दिप्तेंदु घोष तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस अवसर पर इस्कॉन के श्री प्रेमानंद चैतन्य दास ने पुराण एवं महाभारत के प्रसंगों के माध्यम से भ्रष्टाचार की जड़ों पर प्रकाश डालते हुए चरित्र निर्माण को इसकी समाप्ति का आधार बताया।
इन पहलों से आईएसपी की प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है कि वह नैतिक मूल्यों के प्रसार और एक पारदर्शी व भ्रष्टाचार-मुक्त समाज के निर्माण हेतु सतर्कता जागरूकता को प्रोत्साहित करता रहेगा।
