एनटीपीसी विंध्याचल विंध्य क्लब के थिएटर वर्कशॉप में झलकी कला, संवेदना और सामाजिक संदेश की त्रिवेणी

Spread the love

सोनभद्र, सिंगरौली।  एनटीपीसी विंध्याचल विंध्य क्लब द्वारा भोपाल के सुप्रसिद्ध शैडो ग्रुप के सहयोग से 11 से 25 मई 2025 तक आयोजित 15 दिवसीय थिएटर वर्कशॉप का सफल समापन परियोजना के उमंग भवन सभागार में हुआ। इस अनोखे आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा नाट्य प्रस्तुति “रंगायन – द मेलोडी ऑफ आर्ट”, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

इस वर्कशॉप में विंध्याचल परियोजना के कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने मंच के माध्यम से कई महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों को उजागर किया—जैसे बच्चों में मोबाइल के अत्यधिक उपयोग को नियंत्रित करना, पारंपरिक खेलों को पुनर्जीवित करना, और महिलाओं की भूमिका व उनके त्याग को पहचानना। यह कार्यशाला केवल अभिनय सीखने का माध्यम नहीं रही, बल्कि प्रतिभागियों के भीतर संवेदनशीलता, आत्म अनुशासन और सामाजिक चेतना को भी जागृत करने वाली साबित हुई।

कार्यक्रम के समापन समारोह में ई. सत्य फणि कुमार, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे, जिनमें डॉ. बी.सी. चतुर्वेदी (मुख्य महाप्रबंधक- चिकित्सा), संजीब कुमार साहा (महाप्रबंधक- प्रचालन एवं अनुरक्षण), ए.जे. राजकुमार (महाप्रबंधक- अनुरक्षण व एडीएम),  राजशेखर पाला (महाप्रबंधक- प्रचालन), अतिन कुंडू (महाप्रबंधक- परियोजना) और राकेश अरोड़ा, मानव संसाधन प्रमुख  (विंध्याचल) शामिल रहे। इसके अतिरिक्त श्रीमती सारिका चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष (सुहासिनी संघ) और श्रीमती शिल्पा कोहली, महासचिव (सुहासिनी संघ) की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
गणमान्य अतिथियों ने प्रतिभागियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और सामाजिक जागरूकता की प्रशंसा करते हुए थिएटर को एक सशक्त संवाद माध्यम बताया, जो न केवल मनोरंजन करता है बल्कि समाज को दिशा भी देता है। यह कार्यक्रम विंध्य क्लब की रचनात्मक सोच और आयोजन क्षमता का प्रत्यक्ष प्रमाण बना, जो आगे भी ऐसे प्रयासों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरणा देता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *