कुडगी, । एनटीपीसी कुडगी में स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारंभ स्वच्छता शपथ समारोह के साथ उत्साहपूर्वक किया गया। इस पखवाड़े का उद्देश्य कर्मचारियों, उनके परिवारों एवं स्थानीय समुदाय में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छ आदतों को जीवनशैली में अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर बिद्यानंद झा (कार्यकारी निदेशक, कुडगी) ने उपस्थित कर्मचारियों को हिन्दी में स्वच्छता शपथ दिलाई, वहीं श्री संतोष तिवारी (महाप्रबंधक, प्रचालन एवं अनुरक्षण) ने अंग्रेजी में शपथ दिलाई। बिद्यानंद झा ने स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए सभी को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अलोकेश बनर्जी (महाप्रबंधक, परियोजना), उमेश कुमार जैन (महाप्रबंधक, संविदा एवं सामग्री), तथा कालिया एस. मूर्ति (मानव संसाधन प्रमुख) सहित कई वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत एनटीपीसी कुडगी के बीबीपीएस स्कूल में भी बच्चों और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता शपथ ली। इस अवसर पर बच्चों ने स्वच्छता का संदेश फैलाने और इसे अपने जीवन में अपनाने का वादा किया। एनटीपीसी कुडगी में स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन 16 मई से 31 मई 2025 तक किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें स्वच्छता रैली, सफाई अभियान, प्रतियोगिताएँ एवं संवाद सत्र शामिल हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य कर्मचारियों, उनके परिवारों और समाज को स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना है।
