एनसीएल के केंद्रीय अस्पताल, सिंगरौली ने “टीबी मुक्त भारत” अभियान के तहत ग्राम खिरवा में लगाया निक्षय जांच शिविर

Spread the love

सोनभद्र/सिंगरौली। शुक्रवार को एनसीएल के केंद्रीय अस्पताल, सिंगरौली ने “टीबी मुक्त भारत” अभियान एवं ‘100 दिवसीय पहचान एवं उपचार अभियान’ के तहत ग्राम खिरवा में निक्षय जांच शिविर का आयोजन किया। शिविर के दौरान केंद्रीय अस्पताल, सिंगरौली से चिकित्सकों की टीम के द्वारा उपस्थित लोगों के स्वास्थ्य की टीबी संबंधित लक्षणों के आधार पर जांच की गई।  शिविर में 80 से अधिक ग्रामीणों  ने अपने स्वास्थ्य का परीक्षण करवा लाभ उठाया।

इसके अलावा एक टीबी जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया । एनसीएल के सेंट्रल हॉस्पिटल , सिंगरौली द्वारा यह रैली आस-पास के क्षेत्र में टीबी मुक्त भारत अभियान संबंधी जागरूकता फैलाने एवं इस अभियान में जन भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित की गयी। इस रैली के माध्यम से टीबी के लक्षण, टीबी की रोकथाम, शीघ्र निदान और उपचार से संबन्धित आवश्यक जानकारी प्रदान की गयी। एनसीएल द्वारा आयोजित टीबी जागरूकता रैली में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों एवं केंद्रीय अस्पताल, सिंगरौली की टीम ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर सीएमएस, केंद्रीय चिकित्सालय, सिंगरौली, डॉ. मंजरी मेहता एवं डॉ. अनीता कुमारी, डॉ. राज कुमार, डॉ. ओम शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। गौरतलब है कि भारत सरकार द्वारा देशभर में टी. बी. मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिवसीय पहचान एवं उपचार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एनसीएल की सभी परियोजना एवं इकाइयों में क्षय रोग संबंधी जागरूकता कार्यक्रम जैसे रैली, टीबी जांच शिविर एवं अन्य कार्यक्रमों का वृहद स्तर पर आयोजन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *