सचदेवा स्कूल में आयोजित हुआ ‘नॉलेज फेयर एक्स्ट्रावेगेंज़ा-2026: विद्यार्थियों ने प्रदर्शित की प्रतिभा और नवाचार की झलक

Spread the love

रामागुंडम। सचदेवा स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (हाई स्कूल एवं जूनियर कॉलेज), एनटीपीसी रामागुंडम में शनिवार को विद्यालय परिसर में ‘नॉलेज फेयर एक्स्ट्रावेगेंज़ा-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच, ज्ञान और नवाचार की प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में लगभग 250 मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए गए। विज्ञान, भाषा, कला और शिल्प सहित विभिन्न विषयों पर आधारित इन प्रदर्शनियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, विचारों और व्यावहारिक ज्ञान को प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनटीपीसी लिमिटेड, रामागुंडम के महाप्रबंधक (ओएंडएम) मनीष अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में एनटीपीसी के मानव संसाधन प्रमुख  सागर रंजन साहू उपस्थित रहे। इस अवसर पर एनटीपीसी के उपमहाप्रबंधक  प्रवीण के. चौधरी और उपप्रबंधक (मानव संसाधन) डॉ. केवीएमके श्रीनिवास ने भी सहभागिता की। प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडल और प्रोजेक्ट पूरे आत्मविश्वास के साथ अतिथियों एवं आगंतुकों के समक्ष प्रस्तुत किए। उन्होंने विभिन्न मॉडलों की अवधारणा, कार्यप्रणाली और उनके व्यावहारिक उपयोग की विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, टीम भावना, संवाद कौशल और नवाचार के प्रति उनकी रुचि स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों तथा आसपास के विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने भी भाग लिया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से संवाद कर उनके प्रयासों एवं अभिनव प्रस्तुतियों की सराहना की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, समर्पण और उत्साह की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, नए विचारों को प्रोत्साहित करने और अर्जित ज्ञान को वास्तविक जीवन में उपयोग करने की क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य  ज्ञान चंद ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और समन्वयकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की शैक्षणिक प्रदर्शनियां विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और प्रस्तुतीकरण कौशल को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। नॉलेज फेयर में विद्यार्थियों की प्रतिभा और नवाचारपूर्ण सोच ने अभिभावकों एवं आगंतुकों को प्रभावित किया। यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनकी सृजनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *