धन्वंतरि हॉस्पिटल में सीआइएसएफ फायर विंग ने किया इमरजेंसी रेस्क्यू एवं इवैक्यूएशन ड्रिल का आयोजन

Spread the love

 करीमनगर । धन्वंतरि हॉस्पिटल में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 11:29 बजे इमरजेंसी रेस्क्यू एवं इवैक्यूएशन ड्रिल सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस अभ्यास में सीआइएसएफ फायर विंग के अग्निशमन कर्मियों के साथ हॉस्पिटल के कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पूरी ड्रिल DC/फायर ओ.वी. शास्त्री के निर्देशन एवं देखरेख में संपन्न हुई। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में आग लगने जैसी आपातकालीन घटनाओं के दौरान मरीजों, चिकित्साकर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ त्वरित बचाव और निकासी की क्षमता को मजबूत करना था।

ड्रिल के दौरान आपातकालीन निकासी की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इसमें मरीजों एवं अस्पताल कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने, आपात स्थिति में फंसे व्यक्तियों का रेस्क्यू करने, इमरजेंसी एग्जिट का प्रभावी उपयोग करने तथा आग पर काबू पाने की बुनियादी तकनीकों का अभ्यास कराया गया।इस अवसर पर प्रतिभागियों को आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली, बचाव दलों के बीच बेहतर समन्वय, मरीजों को सुरक्षित तरीके से संभालने तथा संकट की स्थिति में धैर्य और संयम बनाए रखने के महत्व की जानकारी दी गई।

सीआइएसएफ फायर विंग एवं हॉस्पिटल स्टाफ के आपसी समन्वय से यह अभ्यास सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस ड्रिल से प्रतिभागियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई, बचाव एवं सुरक्षित निकासी की व्यावहारिक जानकारी मिली। साथ ही अस्पताल परिसर में अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और प्रभावी बनाने की दिशा में यह अभ्यास महत्वपूर्ण साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *