नराकास संबलपुर की द्वितीय छमाही बैठक आयोजित, उत्कृष्ट राजभाषा कार्य करने वाले कार्यालय सम्मानित

Spread the love

संबलपुर । नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), संबलपुर की द्वितीय छमाही बैठक शुक्रवार को महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) के मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एमसीएल के महाप्रबंधक (खनन/राजभाषा) एवं नराकास के सदस्य सचिव प्रनब दास ने की। इस अवसर पर गृह मंत्रालय के पूर्वी क्षेत्र, कोलकाता के उपनिदेशक (कार्यान्वयन) विचित्रसेन गुप्त विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

बैठक के प्रारंभ में नराकास संबलपुर के नए सदस्य कार्यालय केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के रेंज कार्यालय का स्वागत किया गया। इसके बाद पिछली छमाही बैठक में लिए गए निर्णयों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। साथ ही सितंबर 2026 की छमाही राजभाषा प्रगति रिपोर्ट पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

इस अवसर पर वर्ष 2025-26 के दौरान राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन एवं बेहतर कार्य निष्पादन करने वाले सदस्य कार्यालयों को नराकास राजभाषा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त नराकास संबलपुर के तत्वावधान में आयोजित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। बैठक में राजभाषा कार्यान्वयन की प्रगति, आगामी कार्ययोजनाओं, सरकारी कार्यालयों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग तथा संस्थागत कार्यक्षमता बढ़ाने से संबंधित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। सदस्य कार्यालयों के प्रतिनिधियों ने राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी कार्यान्वयन को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए।

विशिष्ट अतिथि  विचित्रसेन गुप्त ने अपने संबोधन में सभी सदस्य कार्यालयों से हिंदी के साथ-साथ क्षेत्रीय भाषाओं के प्रयोग को भी प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास करने पर बल दिया। बैठक में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, ग्रुप केंद्र, पूर्व तट रेलवे के मंडल कार्यालय, संबलपुर, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, झारसुगुड़ा सहित नराकास संबलपुर के विभिन्न सदस्य कार्यालयों के प्रमुख एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने, कार्यान्वयन की समीक्षा करने तथा हिंदी के साथ क्षेत्रीय भाषाओं के विकास के लिए सामूहिक प्रयासों को गति देना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *