झारखंड स्थापना दिवस समारोह में PVUNL पतरातू ने फ्लाई ऐश से बने उत्पादों एवं CSR गतिविधियों का किया प्रदर्शन

Spread the love

पतरातू / झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर रांची स्थित खेलगांव में 26 से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय समारोह में पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL) पतरातू द्वारा विशेष स्टॉल लगाया गया है। इस स्टॉल के माध्यम से PVUNL ने फ्लाई ऐश के उपयोग, इससे निर्मित विभिन्न उत्पादों तथा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) गतिविधियों को प्रदर्शित करते हुए आम लोगों को जागरूक किया।

स्टॉल में फ्लाई ऐश से निर्मित विभिन्न उत्पादों को प्रदर्शित किया गया, ताकि लोगों को इसके उपयोग, महत्व एवं पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी मिल सके। इस पहल का उद्देश्य फ्लाई ऐश के बेहतर उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा इसके माध्यम से सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम के दौरान झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह ने PVUNL के स्टॉल का अवलोकन किया तथा फ्लाई ऐश से निर्मित उत्पादों के प्रदर्शन और इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इसके अतिरिक्त, स्टॉल पर PVUNL की विभिन्न CSR गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया गया। विशेष रूप से महिलाओं के लिए आयोजित ऐश यूजर ट्रेनिंग कार्यक्रम पर आधारित एक लघु फिल्म के माध्यम से महिलाओं के कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाया गया।

इस तीन दिवसीय आयोजन के दौरान PVUNL के कर्मचारी स्टॉल पर उपस्थित रहकर आगंतुकों को फ्लाई ऐश से बने उत्पादों, उनके उपयोग, CSR गतिविधियों एवं विभिन्न जागरूकता पहलों के संबंध में जानकारी प्रदान कर रहे हैं। PVUNL की यह पहल पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी, संसाधनों के प्रभावी उपयोग, महिला सशक्तिकरण एवं सामुदायिक विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *