सभी बूथों पर चलेगा मतदाता सूची पुनरीक्षण का विशेष अभियान

Spread the love

28 एवं 29 नवंबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान
सोनभद्र। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में आगामी 28 एवं 29 नवंबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने निर्धारित बूथों पर एकीकृत निर्वाचक नामावली एवं आवश्यक प्रपत्रों के साथ पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे।
विशेष अभियान का उद्देश्य विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं एवं महिलाओं का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराना है। इसके साथ ही मतदाता सूची में दर्ज नाम एवं अन्य विवरणों की जांच तथा आवश्यक संशोधन के लिए भी नागरिकों को अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।
अभियान के दौरान मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, प्रवासी निर्वाचक का नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6क, निर्वाचक नामावली से नाम अपमार्जित कराने के लिए फार्म-7 तथा निवास स्थान परिवर्तन, विवरणों में संशोधन, ईपीआईसी प्रतिस्थापन एवं दिव्यांगजन चिन्हांकन के लिए फार्म-8 जमा किए जा सकेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे 28 एवं 29 नवंबर को अपने निर्धारित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन अवश्य करें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा उसमें किसी प्रकार का संशोधन अपेक्षित है, तो संबंधित बीएलओ को निर्धारित प्रपत्र उपलब्ध कराकर अपना आवेदन जमा करें।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना आवश्यक है। इसलिए सभी नागरिक इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *