बैरियर के पास दो हाइवा में भीषण टक्कर, केबिन में फंसा चालक

Spread the love

चोपन, सोनभद्र। थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर स्थित बेरियर के समीप दो हाइवा वाहनों के बीच शुक्रवार को जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन के अंदर फंस गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर जुटे लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चोपन पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस एवं अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल चालक की पहचान विजय यादव (50 वर्ष), पुत्र गम्मा लाल, निवासी भवानीपुर, थाना रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई। हादसे में उनका बायां पैर टूट गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं।रेस्क्यू के बाद घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोपन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रॉबर्ट्सगंज रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी घायल चालक के परिजनों को भी दे दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगे चल रहा हाइवा डाला की तरफ जा रहा था। बताया जा रहा है कि उक्त हाइवा को प्लास्टिक से ढका गया था और उसके अंदर कौन-सा सामान लदा हुआ था, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ सकी है। इसी दौरान पीछे से आ रहा खाली हाइवा आगे चल रहे वाहन में जा घुसा, जिससे दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद आगे वाले हाइवा का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर स्थिति संभालते हुए राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। गनीमत रही कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से केबिन में बुरी तरह फंसे चालक को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे उसकी जान बच सकी।फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है। वहीं, प्लास्टिक से ढके आगे वाले हाइवा में क्या सामान लदा था और उसका चालक दुर्घटना के बाद मौके से क्यों फरार हुआ, इन सवालों को लेकर भी चर्चा बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *