एनटीपीसी सिम्हाद्री में उत्साहपूर्वक मनाया गया संविधान दिवस

Spread the love

विशाखापत्तनम, । एनटीपीसी सिम्हाद्री में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर भारतीय संविधान के मूल आदर्शों न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई। उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रत्येक वर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है।

कार्यक्रम में एनटीपीसी सिम्हाद्री के कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख अयास्कांत जेना सहित सीजीएम (वीपीजी-सिम्हाद्री), जीएम (ओएंडएम), जीएम (प्रोजेक्ट कंस्ट्रक्शन-एनजीईएल), जीएम (मेंटेनेंस एवं एडमिनिस्ट्रेशन), जीएम (ऑपरेशन एवं एफएम) तथा एजीएम (मानव संसाधन) समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर विभिन्न यूनियनों एवं एसोसिएशनों के प्रतिनिधि, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति एसोसिएशन के सदस्य तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। कई कर्मचारियों ने माइक्रोसॉफ्ट टीम्स के माध्यम से ऑनलाइन भी कार्यक्रम में भाग लिया।

समारोह के दौरान श्री जेना ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। इसके उपरांत भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए श्री जेना ने कहा कि भारतीय संविधान और उसकी प्रस्तावना देश के लोकतांत्रिक मूल्यों की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित आदर्शों को केवल औपचारिक रूप से याद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन और कार्यव्यवहार में भी आत्मसात करना आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपने संवैधानिक कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया, ताकि न्यायपूर्ण, समावेशी और प्रगतिशील समाज के निर्माण को गति मिल सके। कार्यक्रम का समापन संविधान में निहित मूल्यों को बनाए रखने तथा लोकतंत्र, सामाजिक एकता और राष्ट्रीय अखंडता को सुदृढ़ करने में अपना योगदान देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *