बीजपुर,सोनभद्र। म्योरपुर विकास खंड के बीजपुर ग्राम पंचायत में ग्रामीणों और बाजार आने वालों की पेयजल सुविधा के लिए लगाए गए सौर ऊर्जा वाटर प्लांट देखरेख और नियमित अनुरक्षण के अभाव में कबाड़ में तब्दील होते जा रहे हैं। स्थिति यह है कि लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद लोगों को शुद्ध पेयजल की सुविधा नहीं मिल पा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार सब्जी मंडी परिसर में लगाया गया सौर ऊर्जा वाटर प्लांट स्थापित होने के कुछ ही समय बाद बंद पड़ गया। शुरुआत में ग्रामीणों को उम्मीद जगी थी कि गर्मी और आम दिनों में उन्हें स्वच्छ पानी आसानी से मिल सकेगा लेकिन समय पर मरम्मत और देखरेख न होने से यह प्लांट पूरी तरह अनुपयोगी होकर कबाड़ में बदल चुका है।तस्वीरों में भी ढांचे पर झाड़-झंखाड़ उगे हुए और आसपास गंदगी पसरी देखी जा सकती है।दूसरी ओर बीजपुर बाजार में लगा वाटर प्लांट भी बदहाली का शिकार होकर अंतिम सांसें गिन रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी धन से लगाए गए इन वाटर प्लांटों के रखरखाव की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई जिसके चलते लाखों रुपये की सरकारी राशि व्यर्थ चली गई है।ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर बंद पड़े वाटर प्लांटों की मरम्मत कराने और जिम्मेदारियों की जांच करने की मांग की है।ग्राम प्रधान दशमती गुप्ता ने बताया कि कुछ वाटर प्लांट के बोर ने पानी ही छोड़ दिया था जिसको जल्द ही दुरुस्त कराया जाएगा।
सौर ऊर्जा वाटर प्लांट रखरखाव के अभाव में कबाड़, लाखों रुपये बर्बाद
