चोपन, सोनभद्र। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार, 25 नवंबर को विकास खंड परिसर चोपन में निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश शासन के दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से संचालित योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण राज्यमंत्री संजीव गोंड तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में चोपन की ब्लॉक प्रमुख श्रीमती लीला देवी गौड़ मौजूद रहीं। अतिथियों के कर-कमलों द्वारा पात्र दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए जाने का कार्यक्रम किया गया।
इस अवसर पर दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के अधिकारियों एवं विकास खंड के संबंधित अधिकारियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक पहुंचाने तथा उन्हें सम्मानपूर्वक और आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
दिव्यांगजनों को सहूलियत और सम्मान के साथ आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण पहल माने जा रहे हैं। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी दिनेश मिश्रा, मंत्री प्रतिनिधि संजीव त्रिपाठी,मंडल अध्यक्ष संजय केसरी,जिला दिव्यांग व जन सशक्तिकरण कल्याण अधिकारी दिव्या शुक्ला,अनिल पाठक,एडीओ पंचायत काशी राम ठाकुर, श्रृषिकेश शुक्ला एसडीओ एसटी , नटराज बाबू एडीओ समाज कल्याण आदि मौजूद रहे।
चोपन में निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किया गया
