ऊर्जा संरक्षण का संदेश लेकर राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे विजेता विद्यार्थी
विशाखापत्तनम,। ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से एनटीपीसी सिम्हाद्री ने ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (बीईई), भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय की पहल के तहत आंध्र प्रदेश राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता-2026 का सफल आयोजन किया।

प्रतियोगिता में आंध्र प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 97 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें कक्षा पांच से सात तक के विद्यार्थियों को समूह-ए तथा कक्षा आठ से दस तक के विद्यार्थियों को समूह-बी में शामिल किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी चित्रकला के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की कलाकृतियों में ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देखने को मिला।
समापन समारोह में एनटीपीसी सिम्हाद्री के कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख अयास्कांत जेना तथा डीएलसी की अध्यक्ष श्रीमती स्मिता सेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (परिचालन एवं अनुरक्षण), महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं प्रशासन), महाप्रबंधक (सतर्कता), सीआईएसएफ के उप कमांडेंट तथा मानव संसाधन प्रमुख सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथियों ने दोनों समूहों के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए और उनकी प्रतिभा, कल्पनाशीलता एवं ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता की सराहना की। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण को केवल एक प्रतियोगिता तक सीमित न रखकर इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। साथ ही, विद्यार्थियों से स्वयं ऊर्जा बचाने और अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
