पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना ने पहली बार 6,300 लीटर अपशिष्ट तेल की कराई नीलामी

Spread the love

सतत खनन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड की महत्वपूर्ण पहल

हजारीबाग। पर्यावरण संरक्षण एवं संसाधनों के जिम्मेदार प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड (एनएमएल) की पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना ने पहली बार लगभग 6,300 लीटर अपशिष्ट तेल (वेस्ट ऑयल) की सफलतापूर्वक नीलामी की है। इसे परियोजना में अपशिष्ट प्रबंधन और सतत खनन कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

इस अवसर पर आयोजित फ्लैग ऑफ समारोह में महाप्रबंधक (इंफ्रा)  पवन कुमार रावत सहित परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रबंधन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह के माध्यम से नीलाम किए गए अपशिष्ट तेल के प्रेषण की प्रक्रिया को औपचारिक रूप से रवाना किया गया।परियोजना प्रबंधन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य खनन गतिविधियों के दौरान उत्पन्न होने वाले अपशिष्ट पदार्थों का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित करना है। संगठित नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से अपशिष्ट तेल के जिम्मेदार निस्तारण और पुनर्चक्रण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे अपशिष्ट पदार्थों के अनुचित निस्तारण से पर्यावरण को होने वाले संभावित नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।

यह पहल रिड्यूस, रीयूज एवं रीसायकल (कम उपयोग, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण) के सिद्धांतों को व्यवहार में लागू करने का भी उदाहरण है। इसके माध्यम से अनुपयोगी समझे जाने वाले संसाधनों को दोबारा उत्पादक उपयोग में लाने की दिशा में प्रयास किया गया है। एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड की यह उपलब्धि पर्यावरणीय जिम्मेदारी, संसाधनों के कुशल उपयोग और सतत खनन संचालन के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साथ ही, यह पहल कंपनी के नेट जीरो के व्यापक लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में भी एक सकारात्मक कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *