लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक : ए.के. शर्मा

Spread the love

*नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ के कादीपुर एवं लाखीपुर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में किया प्रतिभाग*

*18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवाओं का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की अपील*

*मतदाता सूची में नाम, पते एवं अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर अवश्य कराएं सुधार : नगर विकास मंत्री*

*मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं नागरिक : मंत्री ए.के. शर्मा*

लखनऊ/मऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज जनपद मऊ के दोहरीघाट स्थित कादीपुर एवं घोसी के लखीपुर प्राथमिक विद्यालय में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि सशक्त एवं मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है अथवा छूट गया है, वे अपना नाम अवश्य जुड़वाएं। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं तथा आगामी जनवरी माह में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवक-युवतियों का नाम नियमानुसार मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए।

उन्होंने कहा कि विवाह के उपरांत दूसरे स्थानों से गांव में आईं बहू-बेटियों तथा रोजगार के सिलसिले में बाहर रहने वाले ऐसे नागरिक, जो अब अपने गांव में वापस आकर निवास कर रहे हैं, उनका नाम भी नियमानुसार मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए। साथ ही जिन मतदाताओं के नाम, पते अथवा अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे समय रहते उसमें सुधार अवश्य कराएं।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि मतदान करना प्रत्येक पात्र नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। आप अपना मत चाहे जिसे दें, लेकिन मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जुड़वाएं। कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए सभी को जागरूक एवं जिम्मेदार बनना होगा।

उन्होंने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार, गांव, मोहल्ले एवं आस-पड़ोस के लोगों को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित कराने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। लोकतंत्र को और अधिक सशक्त, समावेशी एवं सहभागी बनाने के लिए सभी नागरिक अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *