जनवरी 2026 से 15 नवंबर 2026 तक 1208 लोग गिरफ्तार
सुरक्षित रेल यात्रा के लिए आमजन से सहयोग की अपील
प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा रेलगाड़ियों के सुचारू एवं समयबद्ध संचालन को बनाए रखने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत रूप से प्रवेश करने एवं पटरियों को पार करने (ट्रेसपासिंग) वालों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत 1 जनवरी 2026 से 15 नवंबर 2026 तक कुल 1208 व्यक्तियों को ट्रेसपासिंग के आरोप में गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई। रेलवे ट्रैक को अनधिकृत रूप से पार करना कानूनन अपराध है तथा संबंधित मामलों में रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की जाती है। रेलवे ट्रैक पार करना जीवन के लिए अत्यंत जोखिमपूर्ण है। तेज गति से आने वाली ट्रेन का सही समय पर अनुमान लगाना कठिन होता है। ऐसे में थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसके अतिरिक्त, इस प्रकार की घटनाओं से रेलगाड़ियों के सुचारू संचालन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
माहवार गिरफ्तारियों का विवरण (01 जनवरी – 15 नवंबर, 2026):
जनवरी 2026: 131 लोग गिरफ्तार
फरवरी 2026: 109 लोग गिरफ्तार
मार्च 2026: 259 लोग गिरफ्तार
अप्रैल 2026: 164 लोग गिरफ्तार
मई 2026: 226 लोग गिरफ्तार
जून 2026: 98 लोग गिरफ्तार
जुलाई 2026: 40 लोग गिरफ्तार
अगस्त 2026: 43 लोग गिरफ्तार
सितंबर 2026: 111 लोग गिरफ्तार
अक्तूबर 2026: 21 लोग गिरफ्तार
नवंबर 2026: 06 लोग गिरफ्तार
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट-वार गिरफ्तारियाँ (01 जनवरी – 15 नवंबर, 2026):
प्रयागराज जंक्शन: 141
चुनार: 120
कानपुर सेंट्रल: 120
नैनी: 105
प्रयागराज छिवकी: 99
फतेहपुर: 95
कानपुर अनवरगंज: 65
अलीगढ़: 56
पनकी धाम: 55
फफूंद: 55
टूंडला: 48
फ़िरोज़ाबाद: 45
जीएमसी: 42
मानिकपुर: 40
मिर्जापुर: 31
खुर्जा: 30
इटावा: 28
सूबेदारगंज: 15
शिकोहाबाद: 9
दादरी: 8
हाथरस: 1
रेल प्रशासन यात्रियों एवं आमजन से अपील करता है कि वे किसी भी परिस्थिति में रेलवे ट्रैक पार न करें। एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए केवल फुट ओवरब्रिज, सबवे अथवा निर्धारित सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करें। थोड़ी-सी जल्दबाजी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। प्रयागराज मंडल रेल प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। रेल प्रशासन ने आमजन से रेलवे नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है।
