समय रहते समस्याओं के निस्तारण व मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश*
चन्दौली। आगामी निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की उपस्थिति में आईटीआई सभागार, रेवसा में प्रशासन तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस सेक्टर मजिस्ट्रेट ने प्रतिभाग किया।
बैठक के दौरान अधिकारियों को वल्नरेबल (संवेदनशील) एवं क्रिटिकल मतदान स्थलों की मैपिंग का गहन अवलोकन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान यदि किसी भी मतदान स्थल या संबंधित क्षेत्र में किसी प्रकार की समस्या अथवा संवेदनशीलता परिलक्षित होती है, तो उसे तत्काल चिन्हित किया जाए और उसकी सूचना संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, सभी मतदेय स्थलों पर सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाओं (एएमएफ) जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली, रैंप एवं छाया आदि की उपलब्धता का भौतिक सत्यापन करने और किसी भी कमी को समय रहते पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से निर्देशित किया कि ग्राम भ्रमण के क्रम में आम नागरिकों द्वारा निर्वाचन से जुड़ी जो भी समस्याएं या शिकायतें सामने आएं, उनका मतदान से पूर्व समुचित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि मतदान प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी तथा अधिक से अधिक मतदाताओं की सहभागिता के साथ संपन्न हो सके। बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर एवं प्रशासनिक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।
