*केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के हाथों मिला सम्मान; कोयला उद्योग में 36 वर्षों से अधिक के अनुभव और उत्कृष्ट नेतृत्व का सम्मान*
नागपुर । वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) डॉ. हेमंत शरद पांडे को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मेलन NATCOM 2026 में ‘CEO of the Year’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। भारत सरकार के केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 21 नवंबर 2026 को नागपुर स्थित होटल तुली इम्पीरियल में आयोजित सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में डॉ. पांडे को यह सम्मान प्रदान किया।
डॉ. हेमंत शरद पांडे को यह सम्मान कोयला उद्योग में उनके 37 वर्षों से अधिक के समृद्ध अनुभव, उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता तथा संगठनात्मक उत्कृष्टता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए प्रदान किया गया। उनके दूरदर्शी एवं प्रगतिशील नेतृत्व में वेकोलि डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, तकनीकी नवाचार, परिचालन दक्षता, सुरक्षित एवं सतत खनन तथा कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में निरंतर नई पहल कर रही है। उनका तकनीक आधारित और कर्मचारी-केंद्रित दृष्टिकोण कंपनी की प्रगति एवं संस्थागत विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
इस अवसर पर वेकोलि के निदेशक तकनीकी (परियोजना एवं योजन) डॉ. अंजनी कुमार तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी ए. एम. म्हेत्रे सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैटेरियल्स मैनेजमेंट (IIMM), नागपुर शाखा द्वारा आयोजित NATCOM 2026 में देशभर से 300 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें विभिन्न उद्योगों के वरिष्ठ अधिकारी, सार्वजनिक उपक्रमों के प्रतिनिधि, मैटेरियल्स मैनेजमेंट विशेषज्ञ, शिक्षाविद् तथा सप्लाई चेन प्रबंधन से जुड़े पेशेवर शामिल थे। डॉ. हेमंत शरद पांडे को प्राप्त यह सम्मान वेकोलि के लिए गौरव का विषय है। यह सम्मान वेकोलि में उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति, नवाचार, तकनीकी प्रगति और संगठनात्मक विकास को प्रोत्साहित करने वाले नेतृत्व का राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण सम्मान है।
