बेमेतरा कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीमें सक्रिय, एक भी पात्र किसान मुआवजे से नहीं रहेगा वंचित
बेमेतरा के दाढ़ी तहसील के मजगांव और थानखमरिया के ठेलका एवं बनोरा में अधिकारियों ने खेतों का किया निरीक्षण
रायपुर। अकवान चक्रवात के कारण जिले में हुई फसल क्षति से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए बेमेतरा जिला प्रशासन ने तत्परता के साथ कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीमें गांव-गांव पहुंचकर फसलों को हुए नुकसान का विस्तृत सर्वे कर रही हैं। चक्रवात के कारण हुई बारिश और तेज हवाओं से प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान राहत एवं मुआवजे से वंचित न रहे।
अकवान चक्रवात के प्रभाव से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में धान की फसलों को नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर तेज हवाओं के कारण कटाई के लिए तैयार धान की फसल खेतों में गिर गई, वहीं बारिश के चलते खेतों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। इससे किसानों के सामने फसल की गुणवत्ता प्रभावित होने और उत्पादन में कमी आने की आशंका उत्पन्न हो गई है। किसानों की इस परेशानी को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को तत्काल प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर वास्तविक क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए।
मजगांव, ठेलका और बनोरा में खेत-खेत पहुंचकर किया फसल क्षति का आकलन
कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में शनिवार को राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने तहसील दाढ़ी के ग्राम मजगांव तथा थानखमरिया क्षेत्र के ग्राम ठेलका एवं बनोरा का दौरा किया। अधिकारियों ने प्रभावित किसानों के खेतों में पहुंचकर धान की फसलों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों से सीधे संवाद कर चक्रवात के कारण हुए नुकसान, फसल की वर्तमान स्थिति तथा खेती से जुड़ी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई।प्रभावित गांवों में सर्वे दल के पहुंचने से किसानों में राहत और उम्मीद का वातावरण दिखाई दिया। ग्राम मजगांव के किसानों ने अधिकारियों को बताया कि धान की फसल कटाई के करीब थी, लेकिन अचानक हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण फसल को नुकसान पहुंचा है। किसानों ने खेतों में गिरी फसलों की स्थिति दिखाते हुए अपनी परेशानियों से अवगत कराया।इसी प्रकार ग्राम ठेलका और बनोरा में भी किसानों ने संयुक्त सर्वे दल के समक्ष फसल क्षति की जानकारी रखी। किसानों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन द्वारा कराए जा रहे सर्वे के आधार पर उन्हें शीघ्र उचित सहायता प्राप्त होगी। अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है तथा वास्तविक नुकसान का आकलन कर नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चक्रवात से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसानों की मेहनत और कृषि उत्पादन प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं। प्राकृतिक आपदा से फसलों को हुए नुकसान की स्थिति में किसानों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन में चल रहे इस व्यापक सर्वे अभियान का उद्देश्य फसल क्षति का सही आकलन कर पात्र किसानों को समय पर नियमानुसार राहत उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्रभावित किसानों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
