विधानसभा निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जागरूकता अभियान तेज,डीएम ने स्वयं मतदान कर परखी प्रक्रिया

Spread the love

सोनभद्र। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद सोनभद्र में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन एवं वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्वयं म्टड के माध्यम से डमी मतदान कर पूरी प्रक्रिया का अनुभव किया तथा अपने मत की पुष्टि भी की। इस जागरूकता कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) वागीश कुमार शुक्ला तथा मुख्य चिकित्साधिकारी रमेश मिश्रा ने भी डेमो मतदान कर पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली।
आम नागरिकों को मतदान प्रक्रिया से भली-भांति अवगत कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी के जनसुनवाई हॉल में  जागरूकता मशीन लगाई गई है। इसके अतिरिक्त जनपद की सभी तहसीलों में भी ये जागरूकता मशीनें स्थापित की गई हैं, जहां कोई भी आम नागरिक जाकर स्वयं मतदान करने और पर्ची के माध्यम से अपने मत की पुष्टि करने की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना और किसी भी प्रकार की भ्रांति को दूर करना है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे। उन्होंने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक कलेक्ट्रेट या अपने संबंधित तहसील परिसर में जाकर इस सुविधा का लाभ उठाएं, जागरूक मतदाता बनें और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *