मतदाता जागरूकता और प्रशिक्षण के लिए अलग की गईं ईवीएम-वीवीपैट, स्ट्रांग रूम में सील

Spread the love

*राजनीतिक दलों की मौजूदगी में ईवीएम-वीवीपैट की हुई स्कैनिंग, डबल लॉक में सुरक्षित*

जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा वेयरहाउस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जाँच

चन्दौली। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शैलेष कुमार द्वारा प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) में ‘ओके’ पाई गई मशीनों में से उन मशीनों को अलग किया गया, जिनका उपयोग आगामी समय में मतदाता जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए किया जाना है।​ इस पूरी प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहे। उनकी उपस्थिति में प्रशिक्षण और जागरूकता के लिए चिह्नित ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की विधिवत स्कैनिंग कराई गई। स्कैनिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत इन सभी मशीनों को डबल लॉक स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवाकर सील कर दिया गया।

साथ ही निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में रखी गई मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से बाहर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिया कि उनकी नियमित निगरानी और रिकॉर्डिंग की जाँच समय-समय पर की जाए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वेयरहाउस परिसर की चौकसी में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। सभी ने मिलकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संतोष जताया कि जिले में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। निरीक्षण के उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व राजेश कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के सदस्यगण भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *