रांची । उभरती ऊर्जा तकनीकों के जरिए भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूत करने हेतु सीएमपीडीआई और ऑयल इंडिया लिमिटेड के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया। इसका उद्देश्य कोल बेड मिथेन (सीबीएम) विकास, क्रिटिकल मिनरल्स, कार्बन कैप्चर, उपयोग एवं भंडारण (सीसीयूएस) तथा अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) के क्षेत्रों में रणनीतिक सहयोग को बढ़ावा देना है। सीएमपीडीआई के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक चौधरी शिवराज सिंह एवं ऑयल इंडिया लि0 के निदेशक (गवेषण एंड डेवलपमेंट) सलोमा योमदो की उपस्थिति में संस्थान के बिजनेस डेवलपमेंट विभाग के विभागाध्यक्ष श्री विक्रांत गुप्ता तथा ऑयल इंडिया लिमिटेड के महाप्रबंधक (सीओईईएस)/विभागाध्यक्ष डाॅ0 रंजीत दत्ता ने हस्ताक्षर किए।
इस सहयोग के अंतर्गत, ऑयल इंडिया लि0 के सीबीएम फील्ड प्रोजेक्ट्स और क्रिटिकल मिनरल प्रोजेक्ट्स के विकास में सीएमपीडीआई अपनी तकनीकी विशेषज्ञता और सेवाएं प्रदान करेगा। कार्बन कैप्चर, उपयोग एवं भंडारण (सीसीयूएस) के क्षेत्र में, दोनों संगठन कार्बन कैप्चर और सीक्वेस्ट्रेशन के लिए नए समाधान विकसित करने हेतु संयुक्त रूप से आरएंडडी पहल और पायलट प्रोजेक्ट्स चलाएंगे। इससे सतत् ऊर्जा प्रथाओं को बढ़ावा मिलेगा और कार्बन उत्सर्जन को कम करने में मदद मिलेगी।
यह रणनीतिक साझेदारी ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधन क्षेत्रों में दो प्रमुख सार्वजनिक उपक्रमों की एक-दूसरे की पूरक क्षमताओं का लाभ उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। तकनीकी विशेषज्ञता, अनुसंधान क्षमताओं और फील्ड स्तर के अनुभवों को मिलाकर, सीएमपीडीआई और ऑयल इंडिया लि0 का लक्ष्य संसाधनों की नई संभावनाओं को तलाशना, उभरती हुई तकनीकों को आगे बढ़ावा और भारत के प्राकृतिक संसाधनों के सतत् उपयोग को बढ़ावा देना है। यह सहयोग संसाधनों में विविधता लाने, तकनीकी नवाचार और सतत ऊर्जा समाधानों के माध्यम से भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साझा दृष्टिकोण को दर्शाता है। साथ ही, यह ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने और एक स्वच्छ ऊर्जा भविष्य की दिशा में देश की दीर्घकालिक आकांक्षाओं को पूर्ति करने में सहायक है।
