टंडवा। एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा, टंडवा में निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर कार्य के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रमिक घायल हो गए। यह दुर्घटना मेसर्स सिम्प्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड एवं मेसर्स थिसेनक्रुप (ThyssenKrupp) के अंतर्गत कार्यरत श्रमिकों के साथ हुई।
एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा के जनसंपर्क अधिकारी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस हृदयविदारक घटना से एनटीपीसी परिवार में शोक की लहर है। एनटीपीसी ने दिवंगत श्रमिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
एनटीपीसी प्रबंधन ने कहा है कि इस कठिन समय में वह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है और उन्हें हरसंभव सहायता एवं सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। हादसे में घायल दोनों श्रमिकों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जा रही है। एनटीपीसी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रबंधन के अनुसार, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एनटीपीसी ने दोहराया है कि कार्यस्थल पर सभी कर्मियों की सुरक्षा एवं संरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
