बबुरी। क्षेत्र के बौरी ग्राम सभा में 37वें वर्ष की संगीतमय में श्री राम कथा का शुभारंभ कलश यात्रा से की गई।
कथा के प्रथम दिवस में मानस मयूरी शालिनी त्रिपाठी ने प्रसंग के दौरान कहां कि माता सती के मन में भगवान राम को लेकर संदेह हुआ। उन्होंने शिवजी के समझाने पर भी भरोसा नहीं किया और भगवान राम की परीक्षा लेने चली गईं। उन्होंने सीता जी का रूप धारण किया। परीक्षा लेने के इस भाव के कारण उन्हें न केवल मानसिक कष्ट का सामना करना पड़ा, बल्कि अंततः उन्हें उस देह का त्याग भी करना पड़ा। जहाँ परीक्षा का भाव होता है, वहाँ दूरी और भ्रम पैदा होता है।
वही सती जब अगले जन्म में पार्वती के रूप में आईं, तो उनके मन में राम नाम को लेकर गहरी जिज्ञासा थी। उन्होंने अत्यंत विनम्र होकर भगवान शिव से पूछा कि “हे नाथ! राम कौन हैं? मुझे उनका मर्म समझाइए।” पार्वती जी की इस निश्छल जिज्ञासा के कारण ही भगवान शिव के मुख से पवित्र रामचरितमानस का प्राकट्य हुआ। जब प्रश्न जिज्ञासा से भरा हो, तो परम ज्ञान का जन्म होता है।
कथा वाचिका ने कहां कि यदि कोई व्यक्ति यह सोचकर किसी कथा, सत्संग या गुरु के पास जाता है कि “मुझे तो सब पता है,” तो उसका मन रूपी बर्तन पहले से भरा हुआ है। ऐसे मन में नया ज्ञान, भक्ति या विचार प्रवेश नहीं कर पाते। ज्ञान प्राप्त करने के लिए पहली शर्त है ‘पात्र’ यानी बर्तन का खाली और स्वच्छ होना। जब हम अपने मन से अहंकार, पूर्वाग्रह और पुरानी धारणाओं को निकाल देते हैं, तब उसमें सत्य और ज्ञान ठहरता है।
इस अवसर पर भारत भूषण सिंह, हरिवंश सिंह , अरुण सिंह, वीरेंद्र सिंह, राजन गुप्ता, मनोज सेठ, सहित अन्य भक्तगण उपस्थित रहे।
