वाराणसी से रेस्क्यू कर लाया गया तेंदुआ नौगढ़ के सपहर जंगल में छोड़ा गया

Spread the love

नौगढ़। वाराणसी के कैंटोनमेंट क्षेत्र में करीब 25 दिनों से दहशत का पर्याय बना तेंदुआ वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर पकड़ लिया। 

सोमवार को रात करीब 10 बजे प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर के नेतृत्व में नौगढ़ वन रेंज के सपहर जंगल में तेंदुआ को सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया।

जानकारी के अनुसार बीते 22 अक्टूबर की रात सेंट मैरीज स्कूल वाराणसी के सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ दिखाई दिया था। 

जिसकी जानकारी मिलने से कैंटोनमेंट क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गई थी। 

सूचना मिलने पर प्रभागीय वनाधिकारी वाराणसी निधि चौहान के निर्देश पर क्षेत्रीय वनाधिकारी पंकज सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। वन विभाग की ओर से तीन अलग-अलग स्थानों पर पिंजरे लगा कर के चारे के रूप में बकरा रखा गया था। 

वहीं छावनी परिसर में ड्रोन कैमरे से भी लगातार निगरानी की जा रही थी।

तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की तीन टीमें गठित की गई थीं। उसके पदचिह्नों की पहचान करने के लिए गोरखपुर से भी विशेषज्ञ टीम बुलाई गई थी। 

रविवार की रात करीब एक बजे वाराणसी मे पुराने चर्च के समीप बंगला नंबर 61 परिसर में लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ कैद हो गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित अपने कब्जे में लिया।

सोमवार को रात करीब 10 बजे नौगढ़ वन रेंज के सपहर बीट स्थित कंपार्टमेंट नंबर 13 के जंगल में तेंदुए को सुरक्षित छोड़ दिया गया। 

इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी संजय श्रीवास्तव वन दरोगा गुरुदेव सिंह  प्रशांत कुमार राजेंद्र सोनकर  रामजनम यादव कमलेश सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *