आलापुर, अम्बेडकर नगर। विधान सभा क्षेत्र आलापुर की पूर्व विधायक श्रीमती अनीता कमल सदस्य अनुसूचित जाति जनजाति आयोग को शिक्षक संघ ने ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है। विगत 7 नवम्बर को कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय जयती में घुस कर कुछ दबंगों ने दो शिक्षकों के साथ गाली गलौज और मारपीट किया था जिसकी रिपोर्ट जहांगीरगंज पुलिस ने शिक्षक अरुण कुमार की शिकायत पर एससी एसटी सहित विभिन्न धाराओं में दर्ज कर लिया था। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी आलापुर कर रहे हैं। शिक्षक संघ क्षेत्राधिकारी आलापुर एवं थानाध्यक्ष जहांगीरगंज रितेश कुमार पांडेय को पहले ही ज्ञापन देकर अविलंब गिरफ्तारी करने की मांग की थी लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। जहांगीरगंज विकास खण्ड के प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार पांडेय, संरक्षक शान्ति भूषण पांडेय, मंत्री रामकेवल यादव, ब्रहमदेव तिवारी, मो, मुंतजीम आदि दो दर्जन शिक्षकों ने आज पूर्व विधायक एससी एसटी आयोग की सदस्य अनीता कमल से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्यवाही कराने की मांग की। पूर्व विधायक ने शिक्षकों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही किए जाने का भरोसा दिया और शिक्षको के साथ इस तरह की हरकत किए जाने की निन्दा किया।
शिक्षक संघ ने मारपीट के मामले में आयोग सदस्य को सौंपा ज्ञापन
