लखनऊl एनटीपीसी उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय (एनआर मुख्यालय), लखनऊ द्वारा विद्युत मंत्रालय के तत्वावधान में 14 नवंबर, 2026 को ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) की राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के लिए दो विषय निर्धारित किए गए थे—“बिजली बचाएं, भविष्य सुरक्षित बनाएं” तथा “बीईई स्टार लेबल चमकें, ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करें।”

उत्तर प्रदेश के 100 से अधिक विद्यालयों से प्राप्त प्रविष्टियों में से चयनित कुल 95 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता की दो श्रेणियों—कक्षा 5 से 7 तथा कक्षा 8 से 10—में भाग लिया। युवा प्रतिभागियों ने अपनी रंग-बिरंगी कलाकृतियों के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण, ऊर्जा दक्षता एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी के महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) के रविंद्र कुमार, आईएएस, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतिभागियों की रचनात्मकता एवं जागरूकता की सराहना करते हुए श्री कुमार ने ऊर्जा संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि युवा पीढ़ी कला एवं चित्रकला के प्रभावशाली माध्यम से इस महत्वपूर्ण विषय के प्रति जागरूकता विकसित कर रही है।
उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय मुख्यालय की जीएम (मानव संसाधन) श्रीमती रमा डे शर्मा ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सरकारी प्रतिनिधियों, गणमान्य अतिथियों, निर्णायक मंडल, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों द्वारा दिए गए बहुमूल्य सहयोग एवं समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी विजेताओं को बधाई दी तथा विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की।
प्रतियोगिता की दोनों श्रेणियों में कुल 26 पुरस्कार प्रदान किए गए, जिनमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ 10 सांत्वना पुरस्कार शामिल थे। प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹50,000, द्वितीय पुरस्कार के रूप में ₹30,000, तृतीय पुरस्कार के रूप में ₹20,000 तथा प्रत्येक सांत्वना पुरस्कार के लिए ₹7,500 की राशि प्रदान की गई। यह प्रतियोगिता ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण चित्रकला प्रतियोगिता का हिस्सा है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जहां उन्हें राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर सम्मानित होने का अवसर प्राप्त होगा।
