अहरौरा/ स्थानीय थाना क्षेत्र के जंगल महाल ग्राम पंचायत में स्थित बरही गांव में 18 नवंबर से शुरू होने वाले तीन दिवसीय भूत प्रेत संबंधी मेले को सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने गुरुवार शाम को मेला स्थल बरही में बैठक कर मेला की तैयारियों को लेकर रणनीति तय किया। मेला व्यवस्थापक रोशन लाल यादव ने अधिकारियों को बताया की मेले में करीब 5 लाख श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना रहती है।
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मेला स्थल पर आयोजित बैठक में सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, प्रकाश व्यवस्था और प्राथमिक चिकित्सा को लेकर अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। मेला व्यवस्थापक रोशनलाल यादव द्वारा शासन-प्रशासन से की गई मांगों के क्रम में प्रशासनिक अमले ने तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो। इसके लिए पूरे मेला क्षेत्र में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बैरिकेडिंग और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त भीड़ नियंत्रण के लिए सुगम यातायात व्यवस्था पूरे परिसर में निर्बाध प्रकाश व्यवस्था तथा आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक चिकित्सा शिविर लगाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में उपजिलाधिकारी अनेग सिंह, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन मोहम्मद फहीम, थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा, विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी संजय यादव तथा अवर अभियंता पंचधारी सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे, जिन्होंने अपने-अपने विभागों से जुड़े कार्यों को समय से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए।
